झांसी। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि दीपावली तक बुंदेलखंड के सभी ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर लिया जाए। त्योहार के समय ट्रांसफार्मर फुंकने की घटना हुई तो इसके लिए अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे। उन्होंने 30 दिन में सभी फीडरों का लाइन लॉस पंद्रह प्रतिशत पर लाने के निर्देश दिए। मंगलवार को वे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये झांसी और बांदा के अधिकारियों के साथ बिजली आपूर्ति व लाइन हानियां कम करने के अभियान की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा में से किसी भी जनपद में बिलिंग कंपनी द्वारा गलत बिल बनाने की शिकायत मिले तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के 100 से अधिक ऐसे फीडर हैं, जहां लाइन लॉस 40 से 50 प्रतिशत तक है। ऐसे फीडरों का लाइन लॉस हर हाल में आगामी 30 दिन के भीतर 15 प्रतिशत पर लाया जाए। ऐसा करके ही हम 24 घंटे की निर्बाध आपूर्ति का संकल्प पूरा कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी शिकायतें सामने आएं। वहां पर प्रबंध निदेशक स्वयं टीम बनाकर मौके पर भेजें। इस बात का ध्यान रखा जाए कि हर उपभोक्ता को वक्त पर बिल मिले। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य अभियंता (वितरण) मनोज कुमार पाठक, अधीक्षण अभियंता एसआर गर्ग, जेपीएन सिंह, अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु, अनुभव कुमार शामिल रहे।