मानव विकास संस्थान एवं बुंदेलखंड कृषक उत्थान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम खैरा व कंचनपुरा में पुलिस महानिदेशक महेंद्र मोदी द्वारा ट्रेंच का निर्माण कराया गया। साथ ही ग्रामीणों को जल संचयन के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान खैरा ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक ने एक ईंट की दीवार बनाकर ग्रामीणों को ट्रेंच निर्माण करना दिखाया। उन्होंने कहा कि इसी तरह यहां के 156 ग्रामीण अपने-अपने खेतों में ट्रेंच खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दें। ताकि बारिश के पहले ट्रेंच का निर्माण खेतों पर हो सके। ग्रामीणों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि इसी तरह ग्रामीण श्रम दान करते रहे तो 156 ट्रेंच निर्माण पंद्रह दिन में पूर्ण हो जाएगा। इस मौके पर ग्रामीणों को वर्षा जल संचय करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का उत्साह निश्चित ही जल संचयन के लिए सार्थक कदम है। ग्रामीणों की जागरूकता से ही जल दोहन कम होगा। वर्षा का जल वैज्ञानिक पद्धति से रोके जाने से निश्चित ही भविष्य में सुखद परिणाम देखने को मिलेंगे। वाटर रिचार्ज के लिए यह विधा बहुत ही कारगर साबित हुई है। वहीं, कंचनपुरा ग्राम में श्याम बिहारी गुप्ता की देखरेख में ग्रामीणों ने श्रमदान कर एक ट्रेंच निर्माण का कार्य पूर्ण कराया। शेष पांच ट्रेंच निर्माण एक सप्ताह में पूर्ण करने की अपील की गई। डा. आर आर सिंह, राजेंद्र अग्रवाल व नरेश अग्रवाल ने ट्रेंच निर्माण में ग्रामीणों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही डा. नीति शास्त्री, अशोक अग्रवाल, अरुण द्विवेदी ने सहयोग प्रदान किया। महिलाओं से अपील की गई कि इस कार्य में वह भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर ट्रेंच निर्माण कार्य में अपनी भूमिका अदा करें। इस मौके पर अरविंद चतुर्वेदी, विपिन, आदित्य मोदी, सुभम, सौम्या मोदी, बिपिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे। आभार अनिल कुमार साहू ने जताया।