trancefered teacher sent in closed school
झांसी। अंतर जनपदीय स्थानांतरित होकर आने वाले शिक्षक बंद एवं एकल विद्यालयों में भेजे जा सकते हैं। इसकी तैयारियों में जिला बेसिक शिक्षा विभाग लग गया है। झांसी में कई ऐसे विद्यालय हैं, जो शिक्षकों के अभाव के कारण बंद हैं अथवा एकल हैं। इनमें अधिकांश विद्यालय बामौर, गुरसराय, मऊरानीपुर, मोंठ ब्लॉकों में हैं। जबकि जिला मुख्यालय से सटे बबीना, बड़ागांव एवं अन्य ब्लॉकों के विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या पर्याप्त है।
प्रदेश में कोविड- 19 के चलते बेसिक में शिक्षकों की तबादला प्रक्रिया थमी हुई थी। लेकिन अब राज्य सरकार द्वारा अंतर जनपदीय तबादला को लेकर स्वीकृति देने के बाद से शिक्षा विभाग में खासी हलचल मची हुई है। सोमवार को बेसिक शिक्षा कार्यालय में शिक्षकों की अच्छी खासी मौजूदगी नजर आई। वह तबादला नीति को लिपिकों से जानने के लिए उतावले दिखे। विभागीय जानकारी के अनुसार निदेशालय ने अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लिए समय-सारिणी निर्धारित कर दी है। इस संबंध में बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि विभाग ने समूची तैयारी कर ली है। नियमानुसार काउंसिलिंग होगी और एकल विद्यालयों में अध्यापकों को भेजा जाएगा।