रेलवे को हुआ नुकसान, यात्रियों को लौटाने पड़े 1.21 करोड़ रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कोहरे के चलते ट्रेनें लेट होने पर दो दिनों में (27-28 दिसंबर) 18 हजार यात्रियों ने टिकट निरस्त करा दिए। इससे रेलवे को 1.21 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा। रेलवे ने यात्रियों को रिफंड करना शुरू कर दिया है।
घने कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार बुरी तरह से प्रभावित है। बीते बुधवार और बृहस्पतिवार को घने कोहरे के चलते झांसी आने वालीं करीब 30 ट्रेनें प्रभावित हुईं थीं। स्थिति यह रही कि वंदेभारत, शताब्दी और गतिमान एक्सप्रेस जैसी सेमी हाईस्पीड ट्रेनें भी आठ से दस घंटे की देरी से झांसी पहुंची। बृहस्पतिवार को ही श्रीधाम एक्सप्रेस 22 घंटे की देरी से झांसी पहुंची थी। ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से यात्रियों ने धड़ाधड़ टिकट रद्द कराए। बुधवार यानी 27 दिसंबर को 8,334 यात्रियों ने टिकट निरस्त कराए और रेलवे को इन यात्रियों को 55,63,114 रुपये लौटाने पड़े। वहीं बृहस्पतिवार (28 दिसंबर) को 10 हजार यात्रियों ने टिकट निरस्त कराए और रेलवे ने यात्रियों को 65,42,337 रुपये लौटाए।
रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई है। जिन यात्रियों द्वारा टिकट निरस्त कराए गए हैं, उन्हें पैसा रिफंड कर दिया गया है।
दूसरे दिन भी 17 घंटे लेट आई वंदे भारत एक्सप्रेस
झांसी। शुक्रवार को भी कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी जारी रही। स्थिति यह रही कि बृहस्पतिवार की शाम सात बजे आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस साढ़े सत्रह घंटे की देरी से शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे झांसी पहुंची। ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर दिनभर यात्रियों का जमावड़ा रहा। इसके अलावा खजुराहो से आने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस 20 और दिल्ली से आने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस 19 घंटे की देरी से झांसी पहुंची। वहीं दिल्ली से आने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 9.20 घंटे और पुरी से आने वाली उत्कल एक्सप्रेस 14.30 घंटे की देरी से आई। एपी संपर्क क्रांति ने भी यात्रियों को खूब इंतजार कराया और गाड़ी साढ़े दस घंटे की देरी से आई। इसके अलावा मंगला लक्षदीप एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, स्वर्ण जयंती सुपरफास्ट साढ़े आठ घंटे, पंजाब मेल साढ़े पांच घंटे, समता एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, भोपाल से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, गोरखपुर से आने वाली पनवेल एक्सप्रेस ढाई घंटे और दिल्ली की ओर से आने वाली झेलम एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे की देरी से झांसी पहुंची।