झांसी।
बुधवार की सुबह कर्नाटका एक्सप्रेस को ओएचई लाइन में करंट न होने के बाद
भी दौड़ा दिया गया। इससे गाड़ी प्लेटफार्म नंबर पांच पर प्रवेश करते ही
खड़ी हो गई। बाद में ट्रेन को डीजल इंजन से खींचकर प्लेटफार्म पर लाया गया।
इस कारण ट्रेन एक घंटा विलंब से रवाना हो सकी। गनीमत रही कि कोई अनहोनी
नहीं हुई।
रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर पांच एप्रन कार्य के चलते
बीस मई से रेल संचालन के लिए बंद चल रहा था। इस कार्य को पूरा करने के लिए
35 दिन का ब्लॉक लिया गया था। बुधवार की सुबह इस प्लेटफार्म को यातायात के
लिए खोल दिया गया। इंजीनियरिंग विभाग ने रूट रिले सिस्टम (आरआरआई) से जुड़े
कर्मचारियों को यातायात शुरू करने के लिए सुबह 9.15 बजे मेमो जारी कर
दिया। इसके बाद सुबह 9.38 बजे आरआरआई कर्मचारियों ने प्लेटफार्म नंबर पांच
पर ओएचई लाइन को चालू करवाए बिना ही बंगलूरू से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी
संख्या 12627 डाउन कर्नाटका एक्सप्रेस को प्लेटफार्म पर आने की परमिशन दे
दी। इस कारण ट्रेन प्लेटफार्म में प्रवेश करते ही करंट न मिलने से खड़ी हो
गई।
इस बात का पता लगते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाद में
ट्रेन को डीजल इंजन से खींचकर प्लेटफार्म पर खड़ा किया गया। गनीमत रही कि
आरआरआई कर्मचारियों की लापरवाही से कोई अनहोनी नहीं हो सकी। ट्रेन
पूर्वाह्न ग्यारह बजे गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। इसके बाद प्लेटफार्म
नंबर पांच पर अपराह्न तीन बजे गाड़ी संख्या 16687 नवयुग एक्सप्रेस को लाया
गया।
‘आरआरआई कर्मचारियों को सुनिश्चित कर लेना चाहिए था कि
प्लेटफार्म की लाइन चार्ज है कि नहीं। कर्मचारियों की गलती से गाड़ी एक
घंटे से अधिक विलंबित रही। इस लापरवाही के लिए संबंधित कर्मचारियों को
निलंबित किया जाएगा।’
संतोष कुमार अग्रवाल
मंडल रेल प्रबंधक, झांसी।
घंटों देरी से चल रहीं ट्रेनें
झांसी।
इटारसी के रूट रिले सिस्टम में आग लगने के कारण रेल संचालन पटरी से उतरा
हुआ है। गाड़ियों के समय से न आने के कारण यात्रियों का प्लेटफार्म पर रेला
लगा हुआ है।
इटारसी आरआरआई सिस्टम में लगी आग की घटना को एक सप्ताह
बीत चुका है। मगर अब तक रेल प्रशासन पटरी से उतरे रेल संचालन को दुरुस्त
नहीं कर सका है। इस कारण इटारसी की तरफ से आ रही ट्रेनें घंटों देरी से चल
रही हैं। समय से गंतव्य स्टेशन पर ट्रेनों के न पहुंचने के कारण वापसी में
भी यह गाड़ियां विलंबित हो रही हैं। बुधवार को गाड़ी संख्या 12533 डाउन
पुष्पक एक्सप्रेस ग्यारह घंटे, 12627 डाउन कर्नाटका एक्सप्रेस छह घंटे आदि
गाड़ियां लेट आईं। ट्रेनों के इंतजार में प्लेटफार्मों पर यात्रियों का
रेला लगा रहा। वहीं, दिल्ली की तरफ जाने वाली गाड़ियों की संख्या घटने से
जनरल क्लास के यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेनों के
जनरल कोचों में पैर रखने की जगह न होने के कारण पल- पल काटना मुश्किल भरा
हो रहा है।