झांसी। गोरखपुर से लोकमान्य तिलक को जाने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस का एसी खराब हो गया। झांसी स्टेशन पर यात्रियों ने इसकी शिकायत भी की, मगर एसी ठीक कराए बगैर ही उसे आगे रवाना कर दिया गया। इससे गुस्साए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को आउटर पर रोक लिया और जमकर हंगामा किया।
इस सूचना से हड़कंप की स्थिति बन गई। तत्काल आरपीएफ मौके पर पहुंची और किसी प्रकार यात्रियों को शांत कराकर ट्रेन को आगे रवाना किया।
गोरखपुर से लोकमान्य तिलक को जाने वाली ट्रेन 12541 गोरखपुर एक्सप्रेस का एसी खराब हो गया। इस पर ट्रेन के यात्रियों ने हंगामा कर दिया और झांसी आने पर अधिकारियों से इसकी शिकायत की। शिकायत के बावजूद एसी ठीक कराने की बजाए निर्धारित समय पर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन जब आउटर पर ही पहुंची थी, कि एसी ठीक न होने से गुस्साए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर गाड़ी रोक दी।
साथ ही एसी ठीक कराने की मांग को लेकर शोर करने लगे। उधर, ट्रेन के रुकने की जानकारी मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंच गई और यात्रियों को समझाने का प्रयास किया, मगर यात्री मानने को तैयार नहीं हुए। अंतत: आधा घंटे की देरी के बाद यात्रियों को शांत कराया गया और बिना ऐसी ठीक कराए ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।