झांसी। कोरोना संक्रमण और विभिन्न प्रदेशों में हो रहे लॉकडाउन के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या घटने लगी है। आलम यह है कि दिल्ली से आ रहीं ट्रेनों में सीटें खाली पड़ी हुई हैं। जिन ट्रेनों में सीट के लिए कभी मारामारी रहती थी, उनको सवारियां नहीं मिल रही हैं। जबकि मुंबई की ओर से आ रही ट्रेनों में भीड़ आ रही है। कर्नाटका, तेलंगाना एक्सप्रेस में यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही है। वहीं विशेष ट्रेनों का हाल भी कुछ ऐसा ही है।
कोरोना संक्रमण के चलते दिल्ली में हालात बिगड़े हुए हैं। दिल्ली से सटे राज्यों में भी हालात ऐसे ही हैं। कोरोना संक्रमण का असर रेल परिवहन पर पड़ रहा है। दिल्ली से झांसी के लिए चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस गतिमान की बात करें तो बृहस्पतिवार को ट्रेन से झांसी 23 और ग्वालियर तक महज 32 यात्री आए। वहीं दिल्ली-हबीबगंज एक्सप्रेस का हाल भी कुछ ऐसा ही है। इस ट्रेन से बृहस्पतिवार को 32 यात्रियों ने झांसी तक का सफर किया। कभी यात्रियों से भरी रहने वाली इन ट्रेनों के खाली चलने से रेलवे को नुकसान हो रहा है। वहीं दिल्ली की ओर से आ रही अन्य ट्रेनों को भी यात्री नसीब नहीं हो रहे हैं।
---------------
राजधानी की सीटें भी खाली
कोरोना संक्रमण काल में राजधानी एक्सप्रेस का हाल भी खराब है। बेंगलूर राजधानी एक्सप्रेस में शुक्रवार के लिए 199 सीटें खाली हैं। जबकि मुंबई जाने वाली राजधानी में 117, कर्नाटक संपर्क क्रांति में 30, बिलासपुर कोविड विशेष ट्रेन में 467, चेन्नई विशेष ट्रेन में 191, यशवंतपुर विशेष ट्रेन में 657, समता एक्सप्रेस में 296, चेन्नई राजधानी में 377 सीटें हैं. महाकौशल एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का भी यही हाल है।
------------
एक मई से गतिमान और शताब्दी होंगी बंद
कोरोना संक्रमण और यात्रियों की कमी को देखते हुए रेलवे ने एक बार फिर से गतिमान एक्सप्रेस और भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन बंद करने का एलान किया है। एक मई से दोनों ट्रेनों का संचालन बंद हो जाएगा। जबकि दिल्ली से भोपाल जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस दो मई से नहीं चलेगी।