विजयादशमी पर रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगलवार को अतरैटा मोड़ के पास पलट गई। हादसे में झांसी के 23 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 13 घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल दतिया रेफर कर दिया गया। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, झांसी जिले के बरेठा गांव के श्रद्धालु विजयादशमी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद सभी वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भगुवापुरा से कुछ दूरी पर अतरैटा मोड़ के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर को साइड देने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर मोड़ा। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चार एंबुलेंस से दतिया भेजे गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल 13 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल दतिया भेजने के लिए चार एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।
घायलों के उपचार के दौरान तहसीलदार राजेंद्र जाटव, एसडीओपी दिव्या राजावत, सेवढ़ा थाना प्रभारी राजीव बिरथरे और भगुवापुरा थाना प्रभारी सुरभि खमरिया अस्पताल में मौजूद रहे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया।
इन घायलों को किया रेफर
जिला अस्पताल दतिया रेफर किए गए घायलों में हरदेवी, मनीषा, रामवती, ममता, संतोष, रामभरोसे, चेतराम, विद्यादेवी, अंगूरी देवी, कैलाश, काशीराम, कोमल और चाहत शामिल हैं।