सोमवार की रात बड़ागांव थाना इलाके में हुई एक सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल है। दोनों धान बेचने जा रहे थे। इसी दरम्यान ट्रैक्टर में पीछे से ट्रक की टक्कर लगने से हादसे का शिकार हो गए।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम पाड़री निवासी जगमोहन कुशवाहा (50) अपने भतीजे अच्छेलाल के पुत्र चंदन (30) के साथ ट्रैक्टर से धान बेचने चिरगांव मंडी जा रहे थे। कानपुर हाईवे पर दिगारा में पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और दोनों उसकी चपेट मेें आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। यातायात भी बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां चिकित्सकों ने जगमोहन कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद ड्राइवर और क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।