झांसी। नगर निगम के अतिक्रमणरोधी दस्ते ने शुक्रवार को सड़क की पटरी पर अतिक्रमण के खिलाफ सीपरी बाजार में अभियान चलाया। यहां से डेढ़ ंदर्जन पटरी कारोबारियों को हटा दिया गया।
अतिक्रमण प्रभारी रिटा.कर्नल नीरज नयन वाजपेयी की अगुवाई में दस्ते ने सीपरी बाजार में हाईवे होटल के पास से कार्रवाई शुरू की। यहां तमाम दुकानदारों ने पटरी पर ही दुकानें फैला रखी थीं। कई दुकानदारों ने फुटपाथ पर लकड़ी समेत अन्य भवन निर्माण सामग्री फैलाई हुई थी। दस्ते को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। दस्ते ने कारोबारियों को चेताते हुए कुल तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके पहले सुबह दस्ते ने आरटीओ ऑफिस के पास सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। दस्ते के पहुंचते ही तमाम ट्रक चालक अपने वाहन लेकर भाग खड़े हुए। दस्ते ने 10 वाहन चालकों को पकड़कर उनसे एक हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। यहां सड़क के किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। कार्रवाई के दौरान सुदेश सिंह, बी प्रसाद समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।