गरौठा। महाशिवरात्रि पर महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि झारखंड धाम पर हजारों श्रद्धालुओं ने धसान नदी के विश्वामित्र घाट पर श्रद्धा की डुबकी लगाई। बम-बम भोले और हर-हर गंगे के उद्घोष से पूरा झारखंड धाम भक्तिमय हो गया। भक्तों ने स्नान के बाद राधाकृष्ण मुख्य मंदिर में जाकर दिव्य झांकी के दर्शन किए। भक्तों ने ओम नमः शिवाय की धुन गाते हुए तपोभूमि परिक्षेत्र में स्थित नागेश्वर पर्वत की पावन परिक्रमा कर उच्च शिखर की चोटी पर प्राकृतिक गुफा में विराजमान शिवलिंग का जलाभिषेक किया। ग्राम प्रधान चंद्रभान सिंह परमार ने बताया कि विश्वामित्र सेवा समिति के भक्तों द्वारा प्रयागराज से लाया गया गंगा जल ब्रह्ममुहूर्त में विश्वामित्र घाट पर धसान नदी में छोड़ा गया था, जिससे महाकुंभ में न पहुंच पाने वाले भक्तों को भी महाकुंभ स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त हो सके। वहीं, थाना प्रभारी लहचूरा पंकज मिश्रा के निर्देशन में पुलिस चौकी प्रभारी गुढ़ा रमेश यादव, नरेश कुमार महिला आरक्षियों के साथ मौके पर मौजूद रहे।