कोरोना वायरस की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
झांसी में शुक्रवार को 155 कोरोना के नए मरीज मिले। 5140 सैम्पलों की जांच की गई, जिसमें 155 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। अब झांसी में संक्रमितों की संख्या 11768 पहुंच गई है। एक्टिव केस भी बढ़कर 986 हो गए हैं।
बता दें कि झांसी में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर जिला प्रशासन ने गुरुवार से नाइट कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। नाइट कर्फ्यू रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। इस दौरान पुलिस गश्त करेगी। साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर आवागमन जारी रहेगा। जिन संस्थाओं में रात्रिकालीन शिफ्ट में काम होता है, उनके कर्मचारियों को आने जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा जिले में 9 से 12वीं तक के विद्यालयों को बंद कर दिया गया है।
जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के 182 मरीज मिले। बृहस्पतिवार को 4371 नमूनों की जांच की गई थी, जिसमें आरटीपीसीआर मशीन से 1065, ट्रू नेट से 20 और एंटीजन किट से 3286 सैम्पलों शामिल रहे। इनमें 182 मरीजों में कोरोना कि पुष्टि हुई है। वहीं बुधवार को झांसी जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. के के गुप्ता भी कोरोना संक्रमित हो गए। वो हाल ही में विकास भवन की बैठकों में भी शामिल हुए थे।
इससे पहले मंगलवार को जिले में कोरोना से एचडीएफसी बैंक के ब्रांच मैनेजर की मौत हो गई। ब्रांच मैनेजर संजीव तिवारी (40) पांच दिन पहले कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।