- सर्किट हाउस समेत चार फीडरों पर चलेगा ताराें की मरम्मत का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सर्दी के दिनों में वार्षिक रखरखाव कार्य के चलते विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक यानी सात घंटे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते करीब 25 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं सर्किट हाउस फीडर से जुड़े सर्किट हाउस, ऑफिसर्स कॉलोनी, कमिश्नरी आवास एवं कार्यालय में सुबह और शाम 15-15 मिनट का शटडाउन लिया जाएगा। जिससे अधिकारियों के घर एवं कार्यालय में भी बत्ती गुल रहेगी।
महानगर में चल रहे तारों की मरम्मत के काम के चलते ईसाईटोला फीडर के कबीरचंद्र मोहल्ला, तालपुरा फीडर के बिपिन बिहारी इंटर कॉलेज क्षेत्र, उन्नाव गेट फीडर की जेडीए कॉलोनी, उन्नाव गेट, पंचवटी, छोटे-बड़े सरकार क्षेत्र में बिजली गुल रहेगी। इससे 25 हजार से अधिक लोग प्रभावित रहेंगे। कई क्षेत्रों में सुबह 10 बजे के बाद ही पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसे में इन क्षेत्रों से जुड़ी टंकियों के न भरने के कारण सप्लाई भी प्रभावित रहेगी। मुख्य अभियंता राजीव माहेश्वरी के मुताबिक रिवैंप योजना के तहत काम चल रहा है, इसके चलते शटडाउन लिया जाएगा।