अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार को अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर झांसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले को 56 सेक्टर और छह जोन में बांटा गया है। इसके अलावा दो सुपर जोन भी बनाए गए हैं। मध्य प्रदेश व आसपास के जनपदों से सटी सीमाओं पर बेरियर लगाकर चौबीस घंटे जांच की व्यवस्था की गई है। रविवार को प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने में जुटे रहे।
अयोध्या में होने वाली रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर रविवार को डीआईजी कलानिधि नैथानी ने रक्सा व जौहरिया बॉर्डर पर बनाए गए चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान आसपास के गांवों का भ्रमण कर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर पुलिस का सहयोग करने की अपील की। साथ ही पुलिस टीमों को उन्होंने चेकिंग के दौरान संदिग्धों का विवरण रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं, डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी राजेश एस ने पुलिस टीमों के साथ रविवार को महानगर में भ्रमण किया। लक्ष्मीताल के पास स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर, मेहंदी बाग स्थित रामजानकी मंदिर आदि स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया । उधर, जीआरपी के उपाधीक्षक नईम खान मंसूरी की अगुवाई में जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने स्टेशन परिसर व ट्रेनों में सघन जांच की। वहीं, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को जनपद 56 सेंटर, छह जोन व दो सुपर जोन में बंटा रहेगा। जिम्मेदार अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। इसके अलावा पुलिस टीमें सक्रिय रहेंगी। जगह-जगह सघन जांच की जाएगी। संदिग्धों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।