झांसी। छह जून से शुरू हुई बीएड काउंसलिंग का बुधवार को आखिरी दिन है। जो छात्र-छात्राएं अब तक काउंसलिंग में हिस्सा नहीं लिए हैं, उनके पास आखिरी मौका है। इसके अलावा काउंसलिंग के बाद फीस न जमा और दस्तावेजों का सत्यापन न करने वाले विद्यार्थी भी अंतिम दिन शामिल हो सकते हैं।
बीएड काउंसलिंग के शुरूआती कुछ दिनों को छोड़ दें तो लगातार 50 फीसदी के नीचे ही छात्र-छात्राएं काउंसलिंग केंद्र पहुंचे। अब कारण कुछ भी हो मगर बुधवार को छूटे हुए विद्यार्थियों के पास काउंसलिंग कराने का अंतिम मौका है। वह अपने केंद्र जाकर काउंसलिंग में हिस्सा ले सकते हैं। काउंसलिंग की आयोजक लखनऊ यूनिवर्सिटी ने इस बार छात्रों की सहूलियत के लिए कॉलेज आवंटन के बाद बकाया फीस जमा करने के लिए 28 जून तक का समय दिया था। इसलिए एक से पांचवें चरण तक काउंसलिंग कराने वाले जिन अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटन हो गया है और किन्हीं कारणों से कॉलेज की बकाया फीस जमा नहीं कर सके वो एनआईसी की वेबसाइट पर जाकर बुधवार रात 12 बजे तक कर सकते हैं।
बॉक्स..
42 फीसदी ने कराई काउंसलिंग
बीयू के शिक्षण संस्थान केंद्र में मंगलवार को 42 फीसदी छात्र-छात्राओं ने काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग समन्वयक डॉ. प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि 688 पंजीकृत विद्यार्थियों में 288 ने टोकन, 328 ने दस्तावेजों का सत्यापन कराया। 332 ने फीस जमा की। अब 24 से 28 जून तक काउंसलिंग के बाद दस्तावेजों का सत्यापन कराने वाले विद्यार्थी 29 जून की रात 12 बजे तक च्वाइस लॉक कर सकते हैं। 30 को कॉलेज आवंटन होगा।