झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को पहला नामांकन पत्र दाखिल हुआ। इस दौरान कमिश्नरी के इर्दगिर्द सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
शिक्षक एमएलसी चुनाव की नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई थी। पहले दिन नौ दावेदारों ने नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए थे, जबकि जमा एक भी नहीं हुआ था। नामांकन की शुरुआत शुक्रवार को हुई। पहला पर्चा प्रयागराज के निर्दलीय प्रत्याशी लालमणि द्विवेदी ने दाखिल किया। जबकि, नाम निर्देशन पत्र लेने कोई नहीं पहुंचा। नामांकन प्रक्रिया 12 जनवरी तक चलेगी। 13 जनवरी को नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। जबकि, 16 जनवरी को प्रत्याशियों को नामांकन पत्र वापस लेने का मौका दिया जाएगा।
बता दें कि शनिवार को वर्तमान शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी नामांकन करेंगे। वह अपने समर्थकों के साथ इलाइट-सीपरी रोड स्थित लक्ष्मी गार्डन से नामांकन स्थल कमिश्नरी पहुंचेंगे।
वोटर लिस्ट की जांच है जारी
झांसी। एमएलसी चुनाव की जारी की गई मतदाता सूची में क्षेत्र के दस जनपदों के 33,274 शिक्षकों के नाम शामिल किए गए थे। अपात्रों के नाम इसमें शामिल करने व पात्रों के नाम हटाने की शिकायतें मिलने के बाद वोटर लिस्ट की फिर से जांच की जा रही है। नियमानुसार नामांकन की अंतिम तिथि 12 जनवरी तक नाम जोड़े वे घटाए जा सकते हैं।