झांसी। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में व्हाट्सएप वर्चुअल क्लास का संचालन होगा। प्रत्येक विद्यालय को कक्षावार समय सारिणी तैयार करने और ऑनलाइन पढ़ाने के लिए विद्यार्थियों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाने को कहा गया है। शिक्षक प्रत्येक दिन की पाठ योजना बनाएंगे।
कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगा है। नये शैक्षिक सत्र में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी विद्यालयों को 20 अप्रैल से हर हालत में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाने को कहा है। नए निर्देशों में कहा गया है, कि अध्यापन के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक डेढ़ से दो घंटे के तीन खंडों में विभाजित कर विषयवार निर्धारित किया जाए। सभी विषयों के शिक्षक अपने - अपने विषयों के विद्यार्थियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं। ग्रुप के माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों के सवालों को भी हल करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं, कि लॉकडाउन के दौरान पूर्ण किये जाने वाले सिलेबस की विषयवार सूचना वह उन्हें दें।