झांसी। नांदेड़- नई दिल्ली एसी स्पेशल ट्रेन के समय से पहले रवाना होने के कारण मंगलवार को एक दर्जन से अधिक यात्रियों की ट्रेन छूट गई। गुस्साए यात्रियों ने डिप्टी एसएस कॉमर्शियल का घेराव किया। जिसके बाद यात्रियों को पंजाब मेल से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। जबकि, यात्रियों के पास ई टिकट था।
रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 02485 नांदेड़- नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस का संचालन कर रहा है। चूंकि, यह ट्रेन अस्थायी तौर पर चलायी जा रही है, इस कारण गाड़ी के आवागमन का समय टाइम टेबिल में शामिल नहीं है। इसके झांसी से रवाना होने का समय अपराह्न 2.40 बजे है। मंगलवार को यह गाड़ी अपने निर्धारित समय से पहले ही 2.17 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच पर आकर खड़ी हो गई।
गाड़ी को आरक्षित टिकट पर दर्ज समय के हिसाब से 2.40 बजे रवाना होना चाहिए था, मगर गाड़ी परिचालन विभाग की लापरवाही से 13 मिनट पहले ही 2.27 बजे गंतव्य के लिए रवाना हो गई। इससे एक दर्जन से अधिक यात्रियों की ट्रेन छूट गई। सभी यात्रियों को दिल्ली जाना था।
गुस्साए यात्री डिप्टी एसएस वाणिज्य के पास पहुंचे और हंगामा करते हुए उनका घेराव किया। बाद में यात्रियों ने मामले की शिकायत स्टेशन प्रबंधक से भी की। इस दौरान दो यात्रियों ने पुस्तिका में भी शिकायत दर्ज की। परेशानी से बचने के लिए अपराह्न 4.02 बजे आई गाड़ी संख्या 12137 डाउन पंजाब मेल के एसी कोच में यात्रियों को बैठाने की व्यवस्था की गई। यात्रियों के पंजाब मेल से रवाना होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में पीआरओ गिरीश कंचन ने बताया कि परिचालन विभाग की गलती से ट्रेन समय से पहले रवाना हो गई। मामले की जांच के बाद ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।