जुलाई माह में जनपद में वैक्सीनेशन रफ्तार पकड़ेगा।
- फोटो : ???? ????
टीकाकरण पकड़ेगा रफ्तार, जुलाई में लगेंगीं तीन लाख वैक्सीन
झांसी। जिले में टीकाकरण अब रफ्तार पकड़ेगा। जुलाई में तीन लाख वैक्सीन लगाई जाएंगीं। तीसरी लहर को लेकर शासन ने अब रोजाना दस हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया है। टीकाकरण की नीति में भी कुछ बदलाव हुआ है। जहां वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी है, वहां घर-घर जाकर आशा और एएनएम लोगों को टीकाकरण स्थल तक लेकर आएंगी।
11 जून तक के आंकड़ों पर गौर करें तो 45 साल से अधिक आयु के लोगों के टीकाकरण में झांसी पिछड़ा मिला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक भी इस प्रगति से संतुष्ट नहीं दिखे। झांसी में महज 25 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण हुआ। इसके बाद मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय ने नई रणनीति तैयार कर उस पर अमल करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीकाकरण में सुधार भी हो रहा है। अब तक झांसी में रोजाना छह हजार लोगों को वैक्सीन लग रही थी मगर अब शासन ने प्रतिदिन दस हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। यानी कि शासन की मंशानुसार यदि शत-प्रतिशत टीकाकरण हो गया तो जिले में जुलाई में तीन लाख वैक्सीन लग जाएगी। वहीं, अब घर-घर जाकर आशा और एएनएम टीकाकरण के पात्र लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तक लेकर आएंगी। 21 से 30 जून तक इसके लिए विशेष अभियान चलेगा। अभियान के लिए टीकाकरण में पिछड़े चल रहे बबीना, बड़ागांव और चिरगांव ब्लॉक को शामिल किया गया है। इसके लिए बड़ागांव में सर्वाधिक 25, बबीना में 23 और चिरगांव में 16 टीमों को लगाया गया है। इसके बाद एक जुलाई से सभी आठ ब्लॉकों समेत जिले भर में ये अभियान चलेगा।