अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ईद की नमाज के दौरान सोमवार को सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम रहेंगे। ईदगाह समेत सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संवेदनशील इलाकों में पीएसी समेत क्यूआरटी टीम लगाई गई है।
सोमवार को होने वाली ईद की नमाज को देखते हुए रविवार शाम से पुलिस अमला सतर्क हो गया। पुलिस अफसरों ने खास तौर से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में गश्त लगाई। पठौरिया स्थित ईदगाह पहुंचकर पुलिस अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था के जायजा लिया। ट्रैफिक को लेकर भी जरूरी इंतजाम किए गए।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक, थानेवार सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। थाने के पुलिस बल के साथ अतिरिक्त फोर्स भी सभी स्थानों पर भेजा गया है। खास तौर से पुराने शहर में निगरानी बढ़ाई गई है। शरारती तत्वों पर निगाह रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगाह है। भड़काऊ पोस्ट करने वालों की निशानदेही करके कार्रवाई होगी। नमाज के दौरान ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। पुलिस ने ड्रोन भी अलग-अलग इलाकों के लिए तैनात किए हैं।