शनिवार को ध्यानचंद स्टेडियम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें 100 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शॉर्टपुट सहित अन्य प्रतियोगिताएं में छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। गोला फेंक में रक्षा और चुन्नी विजयी रहे।
शार्टपुट में कई छात्राओं ने अपना दमखम दिखाया। निर्णायक मंडल ने मऊरानीपुर की रक्षा कुशवाहा को प्रथम, चिरगांव की चुन्नी बानो को द्वितीय और मोंठ की चिंकी को तृतीय स्थान मिला। कबड्डी में गुरसराय की टीम विजेता और मऊरानीपुर की टीम उपविजेता रही। खेल के साथ-साथ छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी। मंच पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर आधारित नाट्य प्रशंसनीय रहा। विभिन्न ब्लाकों की छात्राओं ने नाट्य में अभिनय कर लोगों को बेटी पढ़ाने के लिए जागरूक किया।
शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सीमा पांडे, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अर्चना जायसवाल, बीएसए हरवंश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।