संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। भारत सरकार की आयुष्मान योजना से एक महीने मेें जिले के तीन हजार मरीजों को बड़ा जीवनदान मिला। योजना का लाभ मिलने के बाद इन मरीजों ने गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन कराए। एक महीने में सरकार ने सूचीबद्ध अस्पतालों को तीन हजार मरीजों का इलाज करने पर साढ़े छह करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
साल 2018 में शुरू हुए आयुष्मान भारत मिशन में झांसी जिले के साढ़े चार लाख लोग शामिल हैं। योजना में भारत सरकार की ओर से प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ दिया जाता है। झांसी में योजना के तहत 59 निजी और सरकारी अस्पताल पंजीकृत हैं। यहां योजना के शुरू होने के बाद से लेकर अबतक 33,226 मरीजों का इलाज किया जा चुका है। इन मरीजों के इलाज पर अब तक 76 करोड़ 93 लाख 6 हजार 697 रुपये खर्च किए जा चुके हैं।वहीं योजना के तहत मार्च माह में मरीजों को रिकॉर्ड तोड़ सेवाएं दी गईं हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार मार्च में तीन हजार मरीजों के बड़े ऑपरेशन किए गए हैं। इन ऑपरेशन के लिए अस्पतालों को साढ़े छह करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
-
चार अस्पताल और जुड़े
आयुष्मान भारत मिशन में जिले के चार अस्पतालों को जोड़ा गया है। इसमें भेल अस्पताल, सीएचसी बरुआसागर, मंडलीय रेलवे अस्पताल और पीएचसी शाहजहांपुर शामिल है।
वर्जन
आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 33 हजार से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है। वहीं, मार्च में तीन हजार रोगियों के मेजर ऑपरेशन हुए हैं।
डॉ. अभिषेक गोस्वामी, डिस्टि्रक्ट प्रोग्राम कोआर्डिनेटर, आयुष्मान भारत।