झांसी। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार मंद पड़ गई है। बृहस्पतिवार को 3,110 नमूनों की जांच हुई, जिसमें 3 नए मरीज सामने आए। रिकवरी रेट में भी सुधार आया है और बढ़कर 97.48 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 27 अप्रैल 2020 को सामने आया था। लॉकडाउन के दरम्यान रोजाना इक्का-दुक्का मरीज सामने आते रहे। लेकिन, अनलॉक प्रक्रिया शुरू होने के बाद मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। अब तक 10,366 लोगों में इस महामारी का संक्रमण पाया जा चुका है। लेकिन, पिछले एक पखवाड़े से मरीजों की संख्या में खासी कमी आई है। वर्तमान में महज 87 ही सक्रिय संक्रमित हैं। इनमें से 10 को छोड़कर बाकी सभी सूक्ष्म या बगैर लक्षण वाले रोगी हैं। जिले में अब 10,105 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।