झांसी। महानगर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पिंक टॉयलेट का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर सदर विधायक रवि शर्मा और स्थानीय पार्षदों ने पिंक टॉयलेट का फीता काटकर उद्घाटन किया। पिंक टॉयलेट में महिलाओं के लिए प्रसाधन सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
स्मार्ट सिटी के तहत महानगर में सात स्थानों पर महिलाओं के लिए 2.70 करोड़ रुपये से पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया गया था। महानगर में चार स्थानों पर पिंक टॉयलेट पहले से ही संचालित हैं। बृहस्पतिवार को तीन पिंक टॉयलेट का शुभारंभ किया गया। इस मौके स्टेडियम के पास पिंक टॉयलेट का उद्घाटन सदर विधायक रवि शर्मा और उपसभापति राजेश त्रिपाठी, कोतवाली के पीछे पार्षद मुकेश सोनी बंटी और कलक्ट्रेट में पार्षद सुनील नैनवानी ने किया। इस मौके पर सदर विधायक ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत अधूरे पड़े कामों को जल्द पूरा कराया जाएगा। ताकि झांसी स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ सके। इस मौके पर निगम के चीफ इंजीनियर एलएन सिंह, अधिशासी अभियंता अमित शर्मा मौजूद रहे।