अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार दोपहर स्कूल से लौटते समय स्कूटी सवार तीन बच्चों को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनाव गेट निवासी मनोज कुमार बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाते हैं। सोमवार दोपहर उनका बेटा सुमित अपनी बहन प्रज्ञा एवं अनन्या को स्कूल से लेकर घर लौट रहा था। उनके साथ तीन साल का वंशु भी था। वंशु स्कूटी पर आगे बैठा था, जबकि दोनों बहनें पीछे बैठी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही वह लोग उनाव गेट रोड से होते हुए इमामबाड़े के पास पहुंचे, सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वंशु दूर जा गिरा जबकि सुमित, प्रज्ञा एवं अनन्या कार की चपेट में आ गए।
बच्चों को कार की चपेट में आता देख राहगीरों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने घेरकर कार सवार को पकड़ा। कुछ देर में पुलिस भी पहुंच गई। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। परिवार के लोग भी पहुंच गए। कोतवाल राजेश पाल के मुताबिक कार समेत आरोपी चालक को भी पकड़ लिया गया है।