- तीनों जा रहे थे मजदूरी के लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय। सोमवार की सुबह गुरसराय-एरच मार्ग पर हंसारी मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर एक घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ग्राम सुट्टा निवासी राजेंद्र, धन सिंह और खलार निवासी अंकित सोमवार की सुबह मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दरम्यान सुबह तकरीबन नौ बजे गुरसराय-एरच मार्ग पर हंसारी मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुंचाया। यहां तीनों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने बताया कि राजेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद से आसपास के ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण के कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से हादसे वाले स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और वाहनों की नियमित जांच करने की मांग की है।