झांसी। थाना कोतवाली पुलिस ने मोबाइल पर क्रिकेट में सट्टा लगवाने वाले तीन सटोरियों को पकड़ा। सटोरियाें के पास से 57 हजार रुपये व तीन मोबइल बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने भारत-न्यूजीलैंड सीरीज पर लाखों रुपये के दांव लगवाए थे। पुलिस ने बरामद किए गए मोबाइल से कई अन्य सटोरियों की जानकारी हासिल की है। देर रात जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बुधवार शाम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह व ओरछा गेट चौकी इंचार्ज सरोत्तम को सूचना मिली कि उनाव गेट स्थित पंचवटी कॉलोनी के पास मोबाइल से क्रिकेट पर सट्टे के दांव लगाए जा रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कोतवाली के तलैया मोहल्ला निवासी प्रवीण मित्तल, पंचवटी कॉलोनी के पास रहने वाले मयंक अग्रवाल और सराफा बाजार निवासी राहुल अग्रवाल को पकड़ा। तीनों के पास से पुलिस ने 57 हजार रुपये व तीन मोबाइल भी बरामद किए। पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपियों ने भारत-न्यूजीलैंड सीरीज पर कई सटोरियों के लाखों रुपये के दांव लगवाए थे। इसमें कोतवाली, सदर बाजार, नवाबाद व प्रेमनगर क्षेत्र के रहने वाले सटोरियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस के बरामद किए गए मोबाइलों से भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।