झांसी। शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने महानगर की ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदा कर खुदा से देश में अमन - चैन की दुआ मांगी। वहीं, लोगों ने एक- दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।
महानगर में सुबह से ही मुस्लिम समाज के युवा, बुजुर्ग, बच्चे ईदगाह पर पहुंचना शुरू हो गए। निर्धारित समय पर ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई। पठौरिया स्थित बड़ी ईदगाह पर मुफ्ती साबिर कासमी ने नमाज अदा करायी। उन्होंने अपनी तकरीर में कहा कि कुर्बानी देना प्रत्येक धर्म में है। कुर्बानी सिर्फ जानवरों की नहीं, बल्कि अल्लाह के समक्ष प्रत्येक मर्द व औरत को अपनी सबसे प्यारी चीज की देनी पड़ती है, जो आवश्यक है। अल्लाह हमारे गुनाहों को माफ कर हमारी कुर्बानियों को कबूल करे। इस दौरान उन्होंने देश में अमन चैन की दुआ मांगी।
ईद की नमाज के उपरांत मुबारकबाद देने का क्रम शुरू हो गया। सपा सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र दुबे, नगर मजिस्ट्रेट आर पी मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर कल्याण सिंह, सीओ सिटी अवधेश कुमार, कोतवाल जेपी यादव, नगर आयुक्त अरुण प्रकाश, अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, सपा जिलाध्यक्ष सुदेश पटेल, मदन लाल अहिरवार, चंद्र दत्त गौतम, सीताराम कुशवाहा, हाजी अशफाक, मंसूर अहमद मंसूरी, सुदर्शन शिवहरे, भूपेंद्र आर्य, रवीश त्रिपाठी, अजीत राय, डा. मकसूद इलाही, याकूब अहमद मंसूरी, बंटी खटीक आदि ने गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी। पुरानी ईदगाह में मौलाना फखरुद्दीन ने ईद की नमाज अदा करायी। वहीं नई बस्ती स्थित शिया ईदगाह में मौलाना सैयद शाने हैदर जैदी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने अपनी तकरीर में कहा कि ईद उल अजहा अल्लाह की राह में वतन और अवाम की भलाई के लिए अपनी सबसे प्यारी चीज कुर्बान करने का पैगाम देता है।
इस अवसर पर सैयद शहनशाह हैदर आब्दी, मंजर हुसैन, हैदर अब्बास, अस्करी नवाब, आसिफ हुसैन आदि मौजूद रहे। इस दौरान मीना में हुए हादसे में मृत लोगों के लिए दुआ की गई। इस अवसर पर बिशप डा. पीटर परापुलिल, कैलाश चंद्र जैन, फादर सदानंद, अगस्टीन नौरान्हा, मोहन नेपाली, हाजी शाहिद हुसैन, गुलाम अब्बास, कमर हैदर, फिरोज अली, ताज अब्बास आदि मौजूद रहे।