बच्चा चोर गिरोह की अफवाह फैलाने वाले पर होगी एफआईआर
झांसी। इन दिनों हर ओर बच्चा चोर गिरोह के शोर और शक में हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस महकमा सख्त हो गया है। डीजीपी ने जिले के पुलिस अधिकारियों को ऐसी अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने के निर्र्देश दिए हैं। निर्देश के बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर भी पल - पल की नजर रखी जा रही है।
बच्चा चोर की अफवाह उड़ाकर राह चलते लोगों की पिटाई करने की घटनाओं ने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। बाहर के जिलों के अलावा जनपद में भी इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद डीजीपी ने सख्ती बरतने के निर्र्देश दिए हैं। उन्होंने मातहतों को निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वाले गिरोह को जल्द से जल्द चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने साइबर सेल को वाट्सएप ग्रुपों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। कहा कि बिना पुष्टि मेसेज फैलाने वालों पर भी पुलिस कार्रर्वाई कर मुकदमा दर्ज करे।
गौरतलब है कि जिले में अगस्त माह के शुरुआत में इस तरह के अफवाह फैली थी, जिसे लेकर पुलिस ने एक महिला को भी पकड़कर रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस का मानना है कि यह शरारती तत्वों का कारनामा है, जो इस तरह के मेसेज चलाकर अफवाह फैला रहे हैं।
पकड़ी गई थी महिला
- 2 अगस्त को उन्नाव गेट एकता कॉलोनी में पुष्पा यादव के बेटे हर्ष नगरिया का अपहरण एक महिला ने किया था। लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में थाना सीपरी बाजार स्थित आईटीआई झोपड़ पट्टी निवासी मोराबाई पर रिपोर्ट दर्ज की थी। इस घटना के बाद शहर भर में जगह - जगह बच्चा चोरी होने की अफवाहें तेजी के साथ फैली थीं।
आवास विकास में खूब मचा था हल्ला
इसी कड़ी में 3 अगस्त को आवास विकास में कमल सिंह चौराहा के पास भी बच्चा ले जाने की खबर पर हड़कंप मच गया था। मोबाइल पर कई तरह के मेसेज चलने के बाद लोग एकत्रित हो गए थे। इस दौरान खूब हल्ला मचा था। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने किसी तरह मामला संभाला था। इसी बीच कोतवाली के साईं के तकिया के पास भी जमकर अफवाह का दौर चला था।
ग्रामीणों ने पांच लोगों को पीटा था
बच्चा चोरी के शक में अफवाह फैलने पर रक्सा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने पांच लोगों की पिटाई कर कार भी तोड़ दी थी। लोगों का कहना था कि वे बच्चा चोरी करने उनके इलाके में आए हैं, जबकि सभी इलाज कराने गांव आए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उनको बचाया था। इस घटना के बाद से ग्रामीण क्षेत्र में भी जमकर अफवाह का दौर चला था।
जिले के लोगों से अपील है कि बच्चा चोरी के संबंध में इस तरह की किसी भी असत्य, अप्रमाणित व भ्रामक खबर का बिल्कुल भी प्रचार - प्रसार न करें। समाज में शांति - व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। जो भी अफवाह फैलाएगा पुलिस मुकदमा दर्ज कर उसे जेेल भेजेगी।
डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी