झांसी। सीपरी बाजार की पहाड़ी पर स्थित मेजर ध्यानचंद के प्रतिमा स्थल के पास ‘आई लव झांसी’ का साइन बोर्ड लगाया जाएगा, जो रात में भी दूर से नजर आएगा। इसके अलावा क्राफ्ट मेला ग्राउंड में बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा। शनिवार को हुई झांसी विकास प्राधिकरण की बैठक में अवस्थापना निधि से महानगर के कई विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।
मंडलायुक्त डा. अजय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला महिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए टीन शेड व ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण, नवाबाद थाने में आम नागरिकों के लिए हॉल व शौचालय निर्माण, कमिश्नरी में प्राधिकरण अध्यक्ष व जन सुविधा के लिए भवन निर्माण के कार्य का अनुमोदन हुआ। इसके अलावा क्राफ्ट मेला ग्राउंड के पास तालाब सौंदर्यीकरण, 10 पार्कों में रेन हार्वेस्टिंग व आवासीय कॉलोनियों तक पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का अनुमोदन हुआ। साथ पर्यटन विकास के लिए एतिहासिक पर्यटन स्थलों का डॉक्यूमेंटेशन कराने, दिगारा की गढ़ी का संरक्षण व पैरा मेडिकल कॉलेज से गढ़मऊ जाने वाली सड़क का निर्माण व सृदृढ़ीकरण कराने का भी अनुमोदन हुआ।
इस दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि अटल एकता पार्क में स्थापित की गई डिजिटल लाइब्रेरी एक जनवरी से कार्य प्रारंभ कर देगी, जिसमें एक लाख डिजिटल पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका लाभ लेने के लिए 16 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। इसका सभी अधिकारियों को सदस्य बनाने का सुझाव दिया गया।
बैठक में डीएम रविंद्र कुमार, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा आदि समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।