अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार शाम अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से मऊरानीपुर और टहरौली तहसील के कई इलाकों में रबी की फसल प्रभावित हो गई। प्रशासन ने फसलों का सर्वे करने के आदेश जारी कर दिए हैं। राजस्व विभाग की टीमें खेतों का सर्वे कर अपनी रिपोर्ट देंगी।
बुधवार शाम तकरीबन आधे घंटे तक बारिश हुई थी। जिले में कहीं-कहीं ओले भी गिरे थे। साथ ही तेज हवा चलने की वजह से गेहूं, चना, मसूर व सरसों की फसलें प्रभावित हो गईं। किसानों की ओर से खराब हुईं फसलों का मुआवजा देने की मांग की गई। बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पांडेय ने इन दोनों तहसीलों के सर्वे के निर्देश दिए हैं। राजस्व विभाग की टीमें दो-तीन दिन में सर्वे पूरा कर अपनी रिपोर्ट सौंप देंगी। 33 प्रतिशत से अधिक क्षति सामने आने पर संबंधित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।