अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पिछले लोकसभा चुनाव में कम मतदान वाले जिले के 438 बूथों पर निर्वाचन आयोग की नजर है। आयोग के निर्देश पर स्वीप के तहत अब इन बूथों से जुड़े क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिये लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
पिछले लोकसभा चुनाव में जनपद के 1586 बूथों में से 438 बूथ ऐसे सामने आए थे, जिनमें राज्य के औसत मतदान 59.1 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था। इसमें बबीना विधानसभा के 51, झांसी नगर के 193, मऊरानीपुर के 83 और गरौठा विधानसभा के 111 बूथ शामिल थे। इन सभी बूथों पर अब निर्वाचन आयोग की नजर है। आगामी लोकसभा चुनाव में यहां मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए स्वीप के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वीप प्रभारी व अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद ने बताया कि सभी बूथों से संबंधित क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, मतदान की शपथ जैसे आयोजनों के जरिये भी लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
0000000
फोटो
बुजुर्गों को दिलाई मतदान की शपथ
बृहस्पतिवार को स्वीप के तहत वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बुजुर्गों को शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यकम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस पीके अग्रवाल व विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव रहीं। आयोजन में स्वीप की सह संयोजक डाॅ. नीति शास्त्री ने वृद्धजनों को मतदान का महत्व बताया।