झांसी। भीषण गर्मी में बिजली का अंधाधुंध कटौती से शहर से लेकर गांव तक हाहाकार मचा है। कहीं बिजली फाल्ट के नाम पर काटी जा रही है तो कहीं ट्रांसफारमर का लोड कम करने के नाम पर। अब बत्ती नहीं तो पानी नहीं। टंकियों में पानी नहीं आ रहा है जिससे लोग हैंडपंप पर निर्भर हैं। बृहस्पतिवार की रात हंसारी स्थित 132 केवी ट्रांसफार्मर के ट्रिपिंग होने के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बृहस्पतिवार को पारा 46 डिग्री के पार था। शुक्रवार को पारा 47.6 के पार पहुंच गया। इस समय तो आसमान से आग बरस रही है। ऐसे में बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। रात में ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने के कारण बार- बार हो रही ट्रिपिंग से नंदनपुरा, बंसल कॉलोनी, भट्टागांव, नगरा, जेल चौराहा, रानीमहल, मेडिकल कॉलेज आदि फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को पूरी रात भीषण गर्मी से जूझना पड़ा। शुक्रवार को भी सारा दिन यही हाल रहा। बिजली का आना जाना लगा रहा।
हंसारी सब स्टेशन स्थित 132 केवी के ट्रांसफार्मर में ओवरलोड के चलते बार- बार हो रही ट्रिपिंग होने के कारण नगरा फीडर से जुड़े क्षेत्रों में दो घंटे की अघोषित कटौती करनी पड़ी। इसके बाद सुबह चार बजे बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। - चंद्रभान, अवर अभियंता