अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गर्मी में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना स्पष्ट कारण के बिजली कटौती नहीं की जाए। यह किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यह निर्देश शनिवार को विकास भवन सभागार में हुई बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद ने कहा कि किसी भी उपभोक्ता से अनावश्यक रूप से बिजली बिल नहीं वसूला जाए। जिन उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन की जरूरत है, उन्हें शीघ्रता से दिए जाएं। गर्मी में विद्युत व्यवस्था में ढिलाई का सीधा असर आमजन पर पड़ेगा, जो स्वीकार्य नहीं है। सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती, लो वोल्टेज, अधूरे कनेक्शन जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा समस्याओं का बिंदुवार विश्लेषण करें। समाधान सुनिश्चित कर निर्बाध आपूर्ति करें।
गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। बताया, कई क्षेत्रों में महीनों से लंबित पड़ी समस्याओं का अब तक निदान नहीं किया गया है। एमएलसी रामतीर्थ सिंघल ने हंसारी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति, अचानक ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। अंत में डीएम अविनाश कुमार ने कहा हर उपभोक्ता तक लगातार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता पर रहे। इसलिए जो भी संसाधन व प्रयास आवश्यक हों, वे तत्काल किए जाएं।