अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार की सुबह रक्सा थाना इलाके के एक मंदिर से बाइक सवार दो बदमाशों ने लगभग तीन लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद भागते हुए बदमाशों से एक श्रद्धालु की छीनाझपटी भी हुई। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
रक्सा थाना इलाके के ग्राम राजापुर में माता का प्राचीन मंदिर है। गांव के सुरेश यादव प्रतिदिन की भांति रविवार की सुबह तकरीबन पांच बजे मंदिर पहुंचे। इसी दरम्यान उन्हें मंदिर से तेजी से दो युवक बाहर आते नजर आए। शक होने पर उन्होंने युवकों को रोका तो वे बाइक पर सवार होकर भागने लगे। पकड़ने की कोशिश करने पर उन्होंने सुरेश को तमंचे का भय दिखाया। इसके बाद सुरेश ने मंदिर में अंदर जाकर देखा तो माता का डेढ़ तोले का सोने का हार, लगभग आधा किलो वजन की चांदी की पायलें आदि गायब थीं। दानपेटी का ताला टूटा हुआ था और उसमें जमा लगभग एक लाख रुपये का चढ़ावा गायब था। मंदिर में चोरी होने की जानकारी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मंदिर के बाहर खासी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, परंतु बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि एक सप्ताह पूर्व भी बदमाश रक्सा क्षेत्र के एक मंदिर में लगे दान पात्र से चढ़ावा चोरी कर ले गए थे।
रक्सा थानाध्यक्ष अजमेर सिंह भदौरिया ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।