सीपरी बाजार थानांतर्गत बालाजी रोड स्थित एक इंटर कालेज में फेल छात्र का एडमीशन नहीं करने पर दबंगों ने प्रधानाचार्य को अभद्रता करते हुए धमकी दी।
- फोटो : demo
झांसी। सीपरी बाजार थानांतर्गत बालाजी रोड स्थित एक इंटर कालेज में फेल छात्र का एडमीशन नहीं करने पर दबंगों ने प्रधानाचार्य को अभद्रता करते हुए धमकी दी। घटना से कालेज के शिक्षकों व कर्मचारियों का आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार की दोपहर में प्रधानाचार्य व शिक्षकों ने सीओ सिटी को मामले की जानकारी दी। थाना पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
भानी देवी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र त्रिपाठी ने बताया है कि उनके कालेज में पुलिस विभाग में तैनात एक कर्मी का पुत्र 11वीं में पढ़ता है। वह परीक्षा में फेल हो गया तो अभिभावकों के कहने पर उसका दोबारा टेस्ट लिया गया, जिसमें वह फिर फेल हो गया। इसकी जानकारी होने पर अभिभावक कालेज पहुंचे और प्रधानाचार्य पर उसे 12वीं में दाखिला देने का दबाव बनाने लगे।
प्रधानाचार्य ने टीसी कटवाकर दूसरे कालेज में दाखिला कराने की बात कही तो पहले वह राजी हो गए बाद में आने की कहकर चले गए। आरोप है कि कुछ देर के बाद छात्र का पिता अपने साथ में तीन-चार दबंगों को लेकर कालेज में पहुंचा। कालेज में आते ही दबंगों ने धमकाते हुए कहना शुरू कर दिया कि छात्र इसी कालेज में पढ़ेगा, उसे कोई रोक नहीं सकता है।
जब प्रधानाचार्य ने टीसी कट जाने की बात कही तो दबंग गुस्से में आ गए। आरोप है कि दबंगों ने प्रधानाचार्य को धमकी दी कि यदि टीसी कट गई तो ठीक नहीं होगा। इससे कालेज के शिक्षकों व कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। सभी ने सीओ सिटी कल्याण सिंह को पूरे मामले की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने थाना पुलिस को जरूरी कार्रवाई के आदेश दिए।