अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। टहरौली थाना क्षेत्र के कुम्हरिया गांव में 22 जून को हुई सुशीला सिंह की हत्या के मामले में खुलासा करते हुए पुलिस ने उसकी छोटी बहू पूजा और उसकी बड़ी बहन कामिनी उर्फ कमला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि संपत्ति विवाद के चलते सुशीला की हत्या हुई। पूजा ने अपनी बहन को संपत्ति में हिस्सा देने का लालच देकर हत्या के लिए राजी किया। कामिनी ने अपने प्रेमी अनिल के साथ आकर सुशीला को पहले बेहोश किया। उसके बाद गला घोंटकर भाग गए। पूछताछ के दौरान पुलिस को पूजा पर शक हो गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पुलिस के सामने सारा सच उगल दिया।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कुम्हरिया गांव निवासी अजय प्रताप सिंह की पत्नी सुशीला का शव घर से बरामद हुआ था। ससुर ने बड़ी बहू रागिनी समेत दतिया निवासी आकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छानबीन के दौरान पुलिस को घर की छोटी बहू पूजा पर शक हुआ। पड़ताल करने पर मालूम चला कि सुशीला के दो पुत्रों में संतोष ही जीवित है, जबकि छोटे बेटे लाखन की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद उसकी पत्नी पूजा भी संतोष के साथ ही रहने लगी थी। परिवार के पास करीब 16 बीघा जमीन है। पूजा आठ बीघा जमीन बेचकर ग्वालियर में बसना चाहती थी। संतोष एवं अजय राजी थे, लेकिन सुशीला तैयार नहीं हुई। पूजा ने अपनी बहन कामिनी के साथ मिलकर सुशीला को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
22 जून को मोटरसाइकिल से कामिनी अपने ब्वॉयफ्रेंड अनिल वर्मा के साथ पूजा के ससुराल पहुंची। वहां सुशीला अकेले थी। सुशीला विरोध न कर सके, इस लिए दोनों ने पहले उसे बेहोशी का इंजेक्शन लगाया। इसके बाद, गला घोंटकर भाग निकले। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सिरिंज बरामद की है। हत्यारोपी अनिल की तलाश में पुलिस जुटी है।