अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाईवे पर बरुआसागर के कट के पास हुए हादसे में जान गंवाने वाले कार चालक की अगले माह शादी होनी थी। घटना की जानकारी होने पर बृहस्पतिवार को उसके परिजन झांसी पहुंच गए। दूसरे मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
सागर निवासी रोहित विश्वकर्मा (36) ग्वालियर में अपनी मां के साथ रहता था। वहां वह प्राइवेट नौकरी करता था। वह अपने दोस्त के पास सतना गया था। लौटते समय वह छतरपुर से दोस्त के भाई की कार लेकर ग्वालियर जा रहा था। इसी दौरान, बुधवार की रात हाईवे पर बरुआसागर कट के पास उसकी तेज रफ्तार कार ने सड़क से पैदल गुजर रहे एक व्यक्ति को रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई थी।
कार अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। इस बीच वहां से गुजरे भारी वाहन ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार पांच-छह फीट गहरी खाई में गिर गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस रोहित को मेडिकल कॉलेज लेकर जा रही थी। रास्ते में उसकी मौत हो गई। कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर सूचना परिजन को दी। बृहस्पतिवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। यहां उन्होंने बताया कि रोहित की अगले माह शादी होने वाली थी। वह इसकी तैयारियों में जुटा था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। वहीं, कार की टक्कर से मरने वाले की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसके परिजन की तलाश में जुटी हुई है।