अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। खजुराहो हाईवे पर रविवार को हुए हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक रिश्ते में चाचा, भतीजा और भांजा थे। चाचा अपने भतीजे और भांजे को साथ लेकर अपनी बहन की रिश्ते की बात करने के लिए निकले थे। इसी दौरान हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिजन में कोहराम मचा हुआ है।
हमीरपुर जिले के राठ थाना इलाके के बहगांव निवासी धर्मेंद्र श्रीवास अपनी छोटी बहन रजनी के रिश्ते की बात करने मऊरानीपुर के ग्राम चुरारा गए थे।
मृतकों के रिश्तेदार राजेश रजक ने बताया कि धमेंद्र अपने साथ भतीजे अंकित और भांजे सोनू को भी साथ ले लिए थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। इसी बीच झांसी-खजुराहो हाईवे पर सुखनई नदी के पुल पर ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।
धर्मेंद्र और अंकित के ऊपर से ट्रक निकलने से उनके शव सड़क पर चिपक गए थे। पुलिस ने लोगों की मदद से किसी तरह शवों को कब्जे में लिया। जबकि, गंभीर रूप से घायल सोनू को सीएचसी मऊरानीपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर परिजन को घटना की सूचना दी। इसके बाद सभी रोते-बिलखते मऊरानीपुर पहुंच गए।