अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिस महिला की हत्या में नामजद पति, देवर, सास की तलाश में पुलिस दबिश दे रही थी वह मध्य के सिहोर में ढाबा चलाती मिली। इतना ही नहीं उसने वहां दूसरी शादी भी कर ली। अब महिला को जीवित पाकर ससुराल पक्ष के वह लोग भी अपने घर लौट आए हैं जो गिरफ्तारी के डर से इधर उधर भाग रहे थे। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि आसपास के लोग और रिश्तेदार भी उन्हें ताने देते थे।
दरअसल रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम डेली में रहने वाले माखन कुशवाहा की बेटी छाया (28) की शादी सात साल पहले सामूहिक विवाह समारोह में दतिया की ठंडी सड़क पर रहने वाले चंदन कुशवाहा से हुई थी। शादी के कुछ वर्ष तक सबकुछ ठीक चलता रहा। इस बीच छाया के दो बेटे निखिल (7) और जयदेव (4) हो गए थे। इसी दरम्यान छाया के डेली ग्राम स्थित मायके में करैरा निवासी युवक सोबरन साहू किराये पर रहने लगा। वह सब्जी बेचता था। साथ ही पेंटिंग का काम भी करता था। छाया का अपने मायके में आना-जाना लगा रहता था। इसी बीच उसके सोबरन से प्रेम संबंध हो गए। इसकी जानकारी उसके पति को भी हो गई थी और इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी होता था। 19 जनवरी 2023 को पति छाया को उसके मायके छोड़ गया था। उसी दिन वह अपने दोनों बच्चों को लेकर लापता हो गई। परिवार वाले तलाशते रहे मगर कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। छाया की मां सुखवती बार बार आरोप लगाती रही कि उसके ससुरालियों ने हत्या कर शव गायब कर दिया है। इसे लेकर छाया के ससुराल और मायके पक्ष के बीच झगड़ा भी हुआ था। पुलिस तक भी मामला पहुंचा। बाद में मां की शिकायत पर न्यायालय के आदेश पर रक्सा थाने में 13 दिसंबर 2023 को पति चंदन कुशवाहा, देवर मनोज व विनोद, सास कलावती एवं युवक सोबरन साहू के खिलाफ पुलिस ने हत्या कर शव को गायब करने का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, शुरु से ही हत्या की बात पुलिस के गले से नीचे नहीं उतर रही थी। पुलिस पड़ताल में जुटी हुई थी। नामजद लोगों की तलाश में दबिश दे रही थी। ससुराल के लोग भी घर छोड़कर इधर उधर छुपते फिर रहे थे। इसी दौरान छाया के पति चंदन को भनक लग गई कि छाया अपने प्रेमी के साथ रह रही है। वह पुलिस की मदद से तलाश में जुट गया। एक दिन पता चला कि वह मध्यप्रदेश के सिहोर में है। पुलिस वहां पहुंची और छाया को बरामद कर लिया। रक्सा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि मां द्वारा दर्ज कराए गए छाया की हत्या के मुकदमे में अब एफआर लगा दी जाएगी।
0000000
वीडियो से पता चला ठिकाना
छाया ने हाल ही में एक वीडियो बनाया था जिसमें उसके बच्चे स्कूल जा रहे थे। वीडियो में स्कूल का नाम भी दिख रहा था। इस वीडियो के जरिए ही पुलिस छाया तक पहुंच सकी। सीहाेर में छाया चाय-नाश्ते का एक छोटा सा ढाबा चला रही थी। पुलिस का कहना है कि उसने सोबरन नाम के युवक से शादी भी कर ली है। सोबरन की पहली पत्नी की कोराना काल में मौत हो गई थी।
प्रेमी के साथ जाने की जताई इच्छा
शुक्रवार को पुलिस ने छाया को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। वहां उसके बयान दर्ज कराए गए। रक्सा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि छाया ने प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई है। वह बालिग है और अपनी मर्जी से अपना फैसला ले सकती है। साथ ही छाया ने बताया है कि मां को उसके गायब होने की जानकारी नहीं थी। मां समझ रही थी कि उसकी हत्या हो गई है। इसलिए उन्होंने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
000000
छाया की मां ने उसकी हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में पांच लोगों को नामजद किया गया था। लेकिन, अब छाया को सकुशल बरामद कर लिया गया है। वह मध्य प्रदेश के सीहोर में अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। - स्नेहा तिवारी, सीओ सदर