- पति-पत्नी के विवाद के चलते उठाया आत्मघाती कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। ग्राम भदरवारा में 34 वर्षीय युवती ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मनोज कुमार अहिरवार निवासी ग्राम भदरवारा ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सुबह 7:30 बजे घर से मोटर सुधरवाने के लिए मिस्त्री के पास गया था। लगभग 10:00 बजे जब वापस घर आया तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर पीछे के मकान से अपने मकान की छत से मकान में गया देखा कि मेरी पत्नी करिश्मा छत के कुंदे से रस्सी बाधकर फांसी लगाकर लटकी हुई है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि महिला को लगभग 3 वर्ष पूर्व मनोज अहिरवार फुसलाकर लाया था एवं पति-पत्नी की तरह रहते थे। पति पत्नी के बीच विवाद होता रहता था।
अधेड़ का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला
- परिजन ने लगाया हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। थाना टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाई में एक 50 वर्षीय अधेड़ रविवार को सुबह ग्राम के बाहर लगे बबूल के पेड़ से लटकता मिला। मृतक के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया।
ब्रजकिशोर (50) निवासी ग्राम बुढ़ाई शनिवार की रात लगभग 10:00 बजे घर से निकला था। रात में घर वापस नहीं आने पर सुबह परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन जब ब्रजकिशोर की तलाश कर रहे थे। गांव के बाहर ग्रामीणों को बबूल के पेड़ पर ब्रजकिशोर का शव रस्सी से लटकता दिखाई दिया। जिसकी सूचना थाना टोड़ीफतेहपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम करा दिया। मृतक के बड़े भाई मथुरा प्रसाद ने आरोप लगाते हुए बताया ग्राम का एक युवक मृतक की पुत्री से जबरन शादी करना चाहता था। लेकिन मेरे भाई ने अपनी पुत्री की शादी दूसरे लड़के के साथ कर दी। जिससे वह रंजिश मानने लगा।
पानी की टंकी से गिरकर युवक की मौत
- पत्नी के छोड़कर जाने पर मानसिक रूप से था परेशान
मऊरानीपुर। कांशीराम काॅलोनी में पानी की टंकी से गिरकर 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। लखनलाल आर्य पुत्र बुद्धू निवासी ग्राम चुरारा हाॅल निवासी कांशीराम काॅलोनी मऊरानीपुर शाम लगभग 6 बजे पानी की टंकी पर चढ़ा था। अचानक गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कांशीराम काॅलोनी के लोगों ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था एवं उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। तब से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। शराब पीने का आदी था। कई बार वह पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की कोशिश कर चुका है। लोगों के समझाने पर वह नीचे आ जाता था। लेकिन सांयकाल वह पानी की टंकी पर चढ़ गया, जब तक किसी की उस पर नजर पड़ती, वह टंकी से जमीन पर आ गिरा एवं उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची एवं शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई।