झांसी। कोतवाली थानांतर्गत बड़ागांव गेट बाहर अन्नपूर्णा कॉलोनी में मंगलवार की शाम दो युवकों के गुटों में पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें छर्रे लगने से एक युवती समेत दो लोग घायल हो गए।
शाम करीब चार बजे मास्टर कॉलोनी के दबंग युवक अन्नपूर्णा कॉलोनी में खड़े थे। इन्हें एक ही स्थान पर खड़े देख कर कॉलोनी के एक युवक ने विरोध किया। इस पर विवाद हो गया।
इस दौरान विरोध करने वाले युवक के पक्ष के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। एक पक्ष ने पथराव किया तो दूसरे पक्ष ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग मौके से भाग लिए।
इस दौरान एक युवती के मुंह में चलाई गई गोली के छर्रे लग गए। छर्रे लगने से शेरू नामक युवक भी घायल हो गया। पथराव और फायरिंग की सूचना पर जब तक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक सभी भाग गए। घायल युवक व युवती को परिजन जिला अस्पताल ले गए। हालत खराब होने पर परिजन युवती को ग्वालियर ले गए।
कोतवाली थाना प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि विवाद के बाद फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। रात तक किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। शिकायत आने के बाद मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।