झांसी। मुख्यमंत्री की घोषणा को साकार रूप देने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा सीपरी से रक्सा तक के मार्ग का चौड़ीकरण तो कर दिया गया है, परंतु सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर व बिजली के खंभों को नहीं हटाया गया है। यह अब सड़क के बीच में आ गए हैं। इससे वाहन चालक परेशान हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
शासन से स्वीकृति मिलते ही सीपरी से रक्सा तक की सड़क के चौड़ीकरण का कार्य अंतिम चरण में हैं। पहले ही बिजली विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ तय हो गया था कि निर्माण कार्य शुरू होने के पूर्व मार्ग में आने वाले ट्रांसफार्मर एवं खंभों को किनारे कर लिया जाएगा। इसके बावजूद अभी तक न तो ट्रांसफार्मर स्थानांतरित हुए और न ही बिजली के खंभों को सड़क किनारे लगाया गया।
सड़क बनने से वाहन चालक इस पर अपनी गाड़ियां दौड़ाने लगे हैं और बिजली के खंभों से टकराकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। हालांकि खंभे व ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग का कार्य जारी है और अधिकारी से जल्द से जल्द पूरा करने का दावा कर रहे हैं।
पुलिया पर नहीं हुआ चौड़ीकरण
पूरे मार्ग पर सड़क का चौड़ीकरण कर दिया गया। निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। लेकिन नहर की पुलिया को चौड़ा नहीं किया गया। वहां तक सड़क तो बन गई, मगर पुलिया नहीं बनाई गई। न ही पुलिया के पास सड़क अवरुद्ध होने का कोई संकेतक (बोर्ड) लगाया गया है। इससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
‘विद्युत लाइन व ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही इसे पूरा करा लिया जाएगा। गर्मी के कारण लाइन बंद करने में थोड़ी परेशानी आ रही है। फिर भी कार्य प्रगति पर है।’
- पंकज अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण खंड, द्वितीय
‘सड़क निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। बिजली की लाइन व ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने में वहां के अधिकारी जुटे हैं। पूरे रास्ते में विद्युत नगरीय वितरण खंड प्रथम, द्वितीय एवं ग्रामीण का क्षेत्र आता है। नगरीय क्षेत्र का काम तो चालू है, मगर ग्रामीण क्षेत्र में लाइन शिफ्टिंग का काम होना शेष है।’
इं. एके जैन, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग