‘अमर उजाला’ के शत-प्रतिशत मतदान अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिला अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने कचहरी में मतदान करने की शपथ ली। अधिवक्ताओं ने कहा कि अबकी बार ऐसा जनप्रतिनिधि चुनेंगे, जो अधिवक्ताओं के हित में काम करेगा और अपने वादे निभाएगा।
शत-प्रतिशत मतदान हो, इसके लिए ‘अमर उजाला’ अभियान चला रहा है। अधिवक्ता समाज के लोगों के हक की लड़ाई लड़ते हैं। कचहरी में जुटे अधिवक्ताओं ने मतदान करने की शपथ ली। उन्होंने परिजनों और पहचान वालों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की बात कही। अधिवक्ताओं का मानना है कि यदि कोई जनप्रतिनिधि वादे पूरे करता है तो इससे लोकतंत्र पर भरोसा बढ़ता है। इस बार वह वोट उसी उम्मीदवार को देंगे, जिसने अपने वादे निभाए हों।
फोटो
लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान जरूरी
किसी भी लोकतांत्रिक राज्य की ताकत उस देश के मतदाता होते हैं। इसलिए मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करना चाहिए। बेरोजगारी दूर हो, अधिवक्ताओं के कल्याण की योजनाएं बनें, स्वच्छ छवि का यदि प्रत्याशी है तो अधिवक्ता उसे पसंद करेंगे। वायदे पूरे करने वाले को ही जनप्रतिनिधि चुनेंगे।
- महेंद्र पाल वर्मा, अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन
अधिवक्ताओं के हितों के रखवाले को वोट
मतदान करना सबका अनिवार्य कर्तव्य है, इसलिए सभी मतदान करें। देश और समाज के विकास की खातिर लोगों को आगे आना होगा। जहां तक प्रत्याशी की बात है तो जो अधिवक्ताओं को आवासीय कालोनी, पेंशन सुविधा और चैंबर की समस्या का समाधान करेगा, उसे ही मतदान में महत्व दिया जाएगा।
- प्रणय श्रीवास्तव, महामंत्री- जिला अधिवक्ता संघ
शत-प्रतिशत मतदान कराएंगे
पहले जमाने में राजतंत्र था, लेकिन अब लोकतंत्र है। जनता ने अपना जनप्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान का माध्यम चुन लिया है। लोगों को जागरूक किया जाएगा। अधिवक्ताओं का प्रयास है कि शत- प्रतिशत मतदान हो और लोकतंत्र में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि देश और समृद्ध बन सके।
- मुहम्मद रफीक खान, अधिवक्ता
वोट डालना नागरिकों का कर्तव्य
सभी को मतदान करना आवश्यक है। यह हमारा मूल कर्तव्य है। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि सर्वसुलभ होना चाहिए, ताकि हर कोई अपनी बात कह सके। अधिवक्ताओं के हितों की बात करने वाले को महत्व दिया जाएगा। प्रदेश में वकीलों की लगातार हत्याएं हो रही हैं, लेकिन इनकी ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
- जेपी गुप्ता, अधिवक्ता