- बच्चों के साथ अभिभावकों में भी फैला आक्रोश, बनी गहमागहमी की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा। विकासखंड बंगरा के कंपोजिट विद्यालय मगरवारा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ज्यादातर बच्चों को मिठाई नहीं मिल पाई। आरोप है कि मिठाई का वितरण कर रहे ग्राम प्रधान के करीबियों ने बच्चों के हिस्से के लड्डू अपने लोगों में वितरित कर दिए, जिससे बच्चों को खाली हाथ मायूस होकर लौटना पड़ा। हालांकि, बाद में प्रधानाध्यापक की ओर से मिठाई का बंदोबस्त किया गया, लेकिन तब तक अधिकांश बच्चे जा चुके थे।
कंपोजिट विद्यालय मगरवारा में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। आयोजन के बाद मिठाई का वितरण होना था। बच्चे भी इसका इंतजार कर रहे थे। लेकिन, विद्यालय के ज्यादातर बच्चों को मिठाई नहीं मिल पाई। इससे बच्चों और उनके अभिभावकों में असंतोष फैल गया। इससे विद्यालय में गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई। मामला बिगड़ता देख प्रधानाध्यापक चंद्रभान दुबे ने आनन-फानन अपने निजी खर्च से मिठाई का बंदोबस्त किया, लेकिन तब तक ज्यादातर बच्चे खाली हाथ घर जा चुके थे।
प्रधानाध्यापक चंद्रभान दुबे ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम और लड्डू वितरण की पूरी व्यवस्था ग्राम पंचायत स्तर से की जाती है। प्रधान के करीबियों की ओर से बांटा गया मिष्ठान नाकाफी साबित हुआ। मिष्ठान वितरण कर रहे लोगों ने अपने लोगों को मिठाई देने में प्राथमिकता दिखाई, जिससे मिठाई बच्चों को नहीं मिल पाई। हालांकि, बाद में निजी खर्च से मिठाई मंगवाकर बंटवाई गई, लेकिन तब तक ज्यादातर बच्चे घर जा चुके थे। बता दें कि इस मामले का वीडियो भी वायरल हुआ है।
0000
कंपोजिट विद्यालय मगरवारा का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- जितेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी