अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार तड़के करीब चार बजे झांसी-शिवपुरी हाईवे पर ट्रक चालक को झपकी आ जाने से वह आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ा। हादसे में पीछे ट्रक में सवार चालक एवं क्लीनर घायल हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई।
रक्सा थाना के सिजवाहा गांव के पास हुए इस हादसे में पीछे से आ रहे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक दो हिस्सों में बंट गया। पीछे वाले ट्रक के ड्राइवर बृजेश (40) और क्लीनर प्रदीप (37) घायल हो गए। घायल ड्राइवर बृजेश एवं क्लीनर प्रदीप बुधवार को ईंट भट्टे से ईंट लादकर राजस्थान के कोटा जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही वह सिजवाहा गांव के पास पहुंचा, चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर आगे जा रहे डंपर से भिड़ गया। सूचना पर रक्सा पुलिस भी पहुंच गई।