ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंची टीम, अभिलेख कब्जे में लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा /कटेरा। अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को जांच टीम ने ग्राम पंचायत पड़रा स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने गोशाला से जुड़े अभिलेख अपने कब्जे में लिए।
गोशाला पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। इस दौरान टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि गोशाला में गोवंशों की मौत, अभिलेखों में अनियमितता और व्यवस्थागत कमियों की शिकायत मिली थी। इसकी जांच की जा रही है। अभिलेखों के अनुसार गोशाला में 574 गोवंश दर्ज हैं, लेकिन कई पशुओं के ईयर टैग नहीं मिलने के कारण चार अगस्त को दोबारा गोवंश की गणना कराई जाएगी।
वहीं, गोशाला संचालक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह वर्ष 2022 से वह गोशाला का संचालन कर रहे हैं। कुछ लोग बार-बार झूठी शिकायतें कर रहे हैं। जांच टीम को सभी आवश्यक अभिलेख एवं साक्ष्य उपलब्ध करा दिए गए हैं।