झांसी। टैक्स चोरी का माल लेकर जा रहे वाहन का पीछा करने के दौरान वाणिज्य कर के असिस्टेंट कमिश्नर (सचल दल) की गाड़ी रक्सा में टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में असिस्टेंट कमिश्नर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार की शाम को झांसी जेल के पीछे रहने वाले असिस्टेंट कमिश्नर कैलाश नारायण सरोज दल- बल के साथ बबीना से रक्सा की ओर चेकिंग करते हुए आ रहे थे। उन्होंने रास्ते में टैक्स चोरी का माल भरा होने का संदेह होने पर एक वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इस पर उन्होंने वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
रक्सा फ्लाई ओवर के पास वाणिज्य कर विभाग का चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे तेज गति से जा रही गाड़ी आगे जा रहे टैंकर से जा टकराई। इससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में असिस्टेंट कमिश्नर, उनका चालक अचल सिंह, चपरासी मो. नजीम बेग और कर्मचारी सुरेंद्र घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल लाया गया।