अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बबीना टोल प्लाजा के पास राख से भरा टैंकर पलट गया। हादसे में चालक टैंकर के अंदर फंसा रह गया। रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों को बुलाया गया। उन्होंने करीब एक घंटे रेस्क्यू करके उसे किसी तरह बाहर निकाला। उसे मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, यहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
मध्य प्रदेश के चकलौआ प्लांट से राख भरकर एक टैंकर बड़ागांव स्थित डायमंड सीमेंट प्लांट जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार आधी रात के बाद बबीना टोल प्लाजा के पास पहुंचने पर टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में चालक मप्र निवासी देवेंद्र घायल होकर फंस गया। पुलिस ने उसे निकालने की कोशिश की लेकिन, कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद दमकलकर्मियों को बुलाया गया। सीएफओ राज किशोर राय की अगुवाई में पहुंची टीम ने हाइड्रोलिक जैक, हॉलो पाइप कटर समेत अन्य उपकरणों का इस्तेमाल करके रेस्क्यू करते हुए उसे बाहर निकाला। सीएफओ के मुताबिक चालक को सुरक्षित रूप में बाहर निकाल लिया गया।