अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। परीक्षा देकर लौट रही छात्रा के साथ एक युवक सरेराह छेड़छाड़ करता रहा। तमंचा दिखाकर कभी उसका हाथ पकड़ता तो कभी चुनरी खींचता। रोती बिलखती छात्रा मदद के लिए चिल्लाती है लेकिन लोग रास्ते से मूकदर्शक बनकर निकलते रहे। छात्रा एक बाइक सवार को रोककर मदद भी मांगती है लेकिन वह भी आगे बढ़ जाता है। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई। बाद में युवक तमंचा लहराता हुआ फरार हो जाता है।
शर्मसार कर देने वाली यह घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक घनी बस्ती की है। शाम को करीब सवा छह बजे का वक्त था। बीए प्रथम वर्ष की सेमेस्टर परीक्षा देकर छात्रा ऑटो से उतरकर अपने घर की तरफ जा रही थी। भट्टागांव मुहल्ला की एक गली में पहले से खड़े युवक ने उसे रोक लिया। छात्रा का कहना है कि उसने हाथ में तमंचा पकड़ा हुआ था। तमंचा दिखाकर वह उसे धमका रहा था। छात्रा इस कदर डर गई कि वह हाथ जोड़कर खड़ी हो गई। लेकिन युवक नहीं माना और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। कई बार उसका दुपट्टा भी खींचा। यह पूरी घटना पास के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि छात्रा रास्ते से गुजर रहे कुछ बाइक सवारों को रोककर मदद की गुहार लगा रही है लेकिन सभी लोग अनसुना करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। अपने मकानों के आसपास भी कुछ लोग दिख रहे थे मगर वह भी मदद को आगे नहीं आए। बाद में युवक ने फायर किया और तमंचा लहराते हुए फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि पहले कभी दोनों में जानपहचान रही थी। लेकिन अब छात्रा उससे बात नहीं कर रही थी। युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है।